भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने लगाया अवैध वसूली और सुरक्षा इंतजामों में अनदेखी का आरोप; दुकानदारों से 13 से 15 हजार रुपये लेने का दावा, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग!
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में 6 से 9 नवंबर तक लगाए गए पटाखा बाजार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथिलेश चौरसिया नागवंशी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आयोजन में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पटाखों की दुकान लगाने वाले छोटे और जरूरतमंद व्यापारियों से दुकान आवंटन के नाम पर 13 हजार से 15 हजार रुपये तक वसूले गए। उनका कहना है कि इस रकम के बदले दुकानदारों को कोई वैध रसीद भी नहीं दी गई। उन्होंने प्रशासन से दुकान आवंटन से जुड़े दस्तावेजों और नकद लेन-देन के रिकॉर्ड को सुरक्षित कराकर जांच कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र में आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। मिथिलेश चौरसिया के मुताबिक, पटाखा बाजार जैसे संवेदनशील आयोजन के लिए अग्निशमन विभाग की अनुमति और जरूरी सुरक्षा इंतजामों की स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर दमकल वाहन, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन निकास जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं थीं। उनका कहना है कि इस तरह की कथित लापरवाही से किसी बड़े हादसे का खतरा बना रह सकता था।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि संबंधित विभागों की अनुमति और आवश्यक व्यापारिक लाइसेंस के बिना इतनी बड़ी संख्या में दुकानों का संचालन कैसे हुआ। जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से आयोजन कराने वाले लोगों और दुकान आवंटन की प्रक्रिया में शामिल जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच कराने तथा अनियमितता मिलने पर कानूनी और विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
मिथिलेश चौरसिया नागवंशी ने स्पष्ट किया कि उनकी शिकायत का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब हासिल करना है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष जय जय प्रजापति एडवोकेट, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, नगर महामंत्री नीरज सिंह, सभासद मुन्ना निषाद और बाबू राम चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक पुष्टि होना बाकी है। अब देखना होगा कि जिलाधिकारी इस मामले में जांच के लिए क्या कदम उठाते हैं और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
0 टिप्पणियाँ