बैरिया, बलिया। संसद सत्र के दौरान गोंड समाज की समस्या उठाने वाले सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि गोंड जाति के लोगों को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में अगर किसी ने सुविधा शुल्क मांगा तो उसे जेल जाने को तैयार रहना पड़ेगा। हमारी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। शुक्रवार को बैरिया तहसील परिसर में गोंड समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, वाराणसी आदि जनपदों के गोंड जाति के लोगों को भड़भूजा जाति घोषित कर दिया था, जबकि वास्तव में ये गोंड जाति के हैं। इनका नुकसान कांग्रेस, बसपा व सपा की सरकारों ने किया था। मैंने इस बाबत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात किया। संसद में भी सत्र के दौरान इस प्रकरण को उठाया, तब स्थिति स्पष्ट हुई। अब पूर्वांचल के गोंड भड़भुजा नहीं, गोंड हो गए हैं। इन्हें सुविधा पूर्वक प्रमाण पत्र संबंधित विभाग जारी करें। आनाकानी करने व रिश्वत की इच्छा रखने पर जेल जाना पड़ सकता है। उन्होंने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए मोटे अनाज के उत्पादन से किसानों को होने वाले लाभ और उसे खाने से होने वाले लाभ के संदर्भ में भी विस्तार से प्रकास डाला। उप जिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मिश्र ने गोंड समाज के कल्याण और सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। इनके विकास के लिए सरकार द्वारा जारी कार्यक्रमो व बजट के विषय में भी विस्तार पूर्वक बताया। भरोसा दिया कि नियमानुसार गोंड जाति के लोगों को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुसूचित जनजाति भाजपा के प्रदेश मंत्री ताड़केश्वर गोड़ ने बैरिया तहसील प्रशासन पर गोंड जाति को प्रमाण पत्र देने में आनाकानी करने व सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। उन्होंने सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के प्रति अपने समाज के तरफ से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हम लोगों के मुद्दे को देश की सबसे बड़ी पंचायत में उठाया है। इनकी जितनी प्रशंसा हम लोग करें कम होगा। हमारा पूरा समाज इनका ऋणी है। कार्यक्रम को अन्य लोगों के अलावा नंदजी गोंड, अरी मर्दन गोंड, विश्वनाथ गोंड, धुमराज गोंड, धनजी गोंड, कामेश्वर गोंड, ददन गोंड, रविंद्र गोंड, सुरेंद्र गोंड, धनंजय गोंड के साथ साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष बेलहरी अश्वनी ओझा, मुरली छपरा मदन सिंह, झरकटहा शैलेश पासवान, पूर्व भाजपा के जिलाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह, कोषाध्यक्ष दिलीप गुप्त, जिला प्रभारी नितेश मिश्रा आदि ने अपने विचार रखे। अध्यक्षता मुरलीपुरा मंडल अध्यक्ष मदन सिंह तथा संचालन हरि कंचन सिंह ने किया।
0 टिप्पणियाँ