
आजमगढ़। एक बार फिर नगर पालिका क्षेत्र में बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, तो अचानक शुरू हुई कार्रवाई से पटरी दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपना सामान समेटकर भागने लगे। फिलहाल किसी की दुकान का सामान तो नगर पालिका प्रशासन ने जप्त नहीं किया, लेकिन अभियान में शामिल कर्मचारी अस्थाई रूप से लगाए गए टीनशेड व बांस-बल्ली को उखाड़कर ट्रैक्टर पर लादकर ले गए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट क्षेत्र से चर्च चौराहा और उसके आगे जजी मैदान तक बुधवार की सुबह साढ़े 10 बजे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। सड़क किनारे अस्थाई रूप से लगाए गए टीन शेड आदि को ध्वस्त कर दिया गया और उसमें रखे सामान को इस चेतावनी के साथ संबंधित को सौंप दिया गया कि दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करेंगे। अभियान में नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों के साथ सिविल लाइन पुलिस चौकी इंचार्ज जाफर खां पुलिस फोर्स के साथ शामिल रहे। कलेक्ट्रेट क्षेत्र में रिक्शा स्टैंड के आसपास से लेकर चर्च चौराहा और उसके आगे तक अभियान चलाया गया। जेसीबी से दुकानों के अतिक्रमण को हटाया गया वहीं गुमटी और फर्नीचर को भी हटाया गया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 15 सितंबर तक लगातार जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ