नुकीले हथियार से हमला कर महिला की हत्या, मचा कोहराम

-रामपुर रोड पर पड़े शव पर पड़ी चौकीदार की नजर तो बात पुलिस तक पहुंची -जौनपुर के करनेहुआ की रहने वाली सुनीता नेवासे पर रहती थी बनगांव - हत्या का कारणों का नहीं चल सका पता, पुलिस को तहरीर का इंतजार आजमगढ़ : तरवां थाना क्षेत्र के रामपुर रोड पर शनिवार की सुबह 50 वर्षीया महिला का रक्तरंजित शव मिलने से हर कोई अवाक रह गया। महिला के सिर पर
नुकीले हथियार से प्रहार के कई निशान मिले हैं। इससे यह तो तय हो गया कि उसकी हत्या की गई थी, लेकिन पुलिस को तहरीर का इंतजार था। वैसे पुलिस ने श्वान दल का भी सहयोग लिया और फोरेंसिक टीम ने नमूने लेकर साक्ष्य एकत्र किए। जौनपुर के करनेहुआ निवासी सुनीता के भाई नहीं हैं और वह काफी दिनों से अपने मायके बनगांव में नेवासा पर रहती थीं। वह खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। शुक्रवार की रात वह घर से अपने ट्यूबवेल की तरफ गई हुई थीं। देर रात तक घर न पहुंचने पर बच्चे तलाश किए, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। सुबह बगल के गांव रामपुर रोड पर खून से लतपथ शव पड़ा हुआ था। ड्यूटी से लौट रहे चौकीदार ने खून से लतपथ शव को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। महिला की पहचान होने पर उसके स्वजन को घटना की सूचना दी गई। महिला की हत्या के पीछे के कारणों को स्पष्ट नहीं किया जा सका है। क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। बताया कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही राजफाश किया जाएगा। थानाध्यक्ष संजय कुमार पाल ने बताया कि महिला के सिर पर नुकीले हथियार से वार किया गया है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। मृतका के दो पुत्र त्रिभुवन, सूरज व तीन पुत्रियां हैं। इसमें सूरज को छोड़ सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। सभी बेटे जौनपुर के करनेहुआ गांव पर ही रहते है। कभी-कभी आना जाना रहता है। मृतका बनगांव में अकेली ही रहती थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ