पुलिस बूथ पर काम करेंगी महिला पुलिसकर्मी
आजमगढ़। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल ने शहर के बड़ादेव तिराहे पर पुलिस पिंक बूथ का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर एसपी सीटी ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं के निस्तारण हेतु पिंक बूथ पर महिला पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की गयी है, जो महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को सुनकर उसका त्वरित निस्तारण करायेगीं। पिंक बूथ पर 1 रजिस्टर में महिलाओं की समस्याओं को अंकित कर उसका यथा शीघ्र निस्तारण कराया जायेगा। महिला पुलिस कर्मियों द्वारा आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकारी योजनाओं के बारे में पम्पलेट के माध्यम से बताया जायेगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिये आवश्यक प्रमाण पत्रों के बारे मे बताया जायेगा। महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरुक करने के उद्देश्य से पिंक बूथ की स्थापना की गयी है। उक्त पिंक बूथ में अपराध नियंत्रण हेतु 4 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है। पिंक बूथ पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मी चौकी प्रभारी एलवल के निर्देशन में कार्य करेगीं जिसकी मानिटरिंग अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर व थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा की जायेगी। उपरोक्त उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल, क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, महिला थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एलवल अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण सहित आस -पास के लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ