किसानों की सुविधा का रखें पूरा ध्यान, किसी अनियमितता की शिकायत नहीं मिलनी चाहिएः मण्डलायुक्त
आज़मगढ़। सोमवार को मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने धान की खरीद को सुचारु एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित रखने के दृष्टिगत जनपद में स्थापित तीन धान क्रय केन्द्रों पल्हनी, रानी की सराय तथा मुहम्मदपुर का औचक निरीक्षण किया। अपने औचक निरीक्षण के क्रम में उन्होंने धान क्रय केन्द्र पल्हनी, जो प्राइवेट स्थान पर स्थापित है, के सम्बन्ध में आरएमओ दिनेश चन्द्र मिश्र तथा डिप्टी आरएमओ अंशुमाली शंकर को निर्देश दिया कि मण्डी परिषद बिल्कुल निकट है, आगामी धान खरीद हेतु वहॉं पर क्रय केन्द्र स्थापित किए जाने के सम्बन्ध में कार्यवाही करें। मण्डलायुक्त ने तीनों क्रय केन्द्रों के केन्द्र प्रभारियों एवं वहॉं पर तैनात अन्य स्टाफ को निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा का पूरा पूरा ध्यान रखा जाय, खरीद में किसी अनियमितता की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने मौके पर उपस्थित आरएमओ एवं डिप्टी आरएमओ को भी निरन्तर क्रय केन्द्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। धान क्रय केन्द्र पल्हनी के निरीक्षण के समय केन्द्र प्रभारी द्वारा बताया गया कि इस क्रय केन्द्र हेतु धान खरीद का लक्ष्य 15 हजार कुन्तल निर्धारित है जिसके सापेक्ष 3553.20 कुन्तल की खरीद हो चुकी है तथा 72 किसान लाभान्वित हुए हैं। इसी प्रकार रानी की सराय क्रय केन्द पर 15 हजार कुन्तल लक्ष्य के सापेक्ष 3142 कुन्तल की खरीद एवं 68 किसानों को लाभान्वित होना बताया गया। क्रय केन्द्र मुहम्मदपुर के निरीक्षण में लक्ष्य 20 हजार कुन्तल के सापेक्ष 4969.20 कुन्तल की खरीद होना तथा 69 किसानों को लाभान्वित होना पाया गया। मण्डलायुक्त ने तीनों क्रय केन्द्रों पर आये किसानों से उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा, जिसपर किसी भी किसान द्वार कोई समस्या नहीं बताई गयी। निरीक्षण के समय तीनों क्रय केन्द्रों पर धान की खरीद सुचारु रूप से होती पाई गयी।
0 टिप्पणियाँ