मधुबन, मऊ। स्थानीय थाना क्षेत्र के दुबारी पुलिस चौकी अंतर्गत नई बस्ती में मंगलवार की सुबह दो पक्षों के बीच विवादित भूमि पर कब्जा करने को लेकर जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों तरफ से दो महिलाएं समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार व चिकित्सकीय मुआयना सीएचसी फतहपुर मंडाव में कराया। पीड़़ित पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों तरफ के चार लोगों को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर चालान कर दिया।घायल पीड़ितों की माने तो विपक्षी द्वारा उनके ऊपर बरक्षे से प्राणघातक हमला किया गया था।
थाना क्षेत्र के दुबारी पुलिस चौकी अंतर्गत नई बस्ती में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे आबादी कि विवादित भूमि पर कब्जा करने को लेकर सर्वेशंकर यादव व हरिनाथ यादव आदि लोगों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी डंडे व बरक्षे आदि लेकर टूट पड़े। लाठी-डण्डा चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसमें एक पक्ष से हरिनाथ यादव (50) पुत्र स्व. अकलू, शैलेष यादव (16) पुत्र अमरजीत, अभय नारायण यादव (17) पुत्र हरिनाथ, अमरजीत यादव (56) पुत्र स्व. अकलू, फूलमती देवी (50) पत्नी अमरजीत, गुड़िया देवी (47) पत्नी हरिनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना लगते ही मौके पर चौकी प्रभारी दुबारी सुशील कुमार दुबे हमराही पुलिस कर्मियों के साथ पहुंच गए। पुलिस ने चार लोगों को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित पक्षों की तरफ से पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस कार्रवाई की कवायद में जुटी हुई है।बताया जाता है कि ये लोग कटान पीड़ित है और जगह नही मिलने के कारण दुबारी में आबादी की जमीन पर कब्जा करके रह रहे है।
0 टिप्पणियाँ