BREKING NEWS : मायावती का भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार, जनगणना की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग!

भाजपा सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को लेकर उठाया बड़ा सवाल, मायावती बोली उपलब्धियां के हिसाब से जनता देगी जवाब।
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने भाजपा सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को लेकर बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी घोषित उपलब्धियाँ जमीनी स्तर पर जनता के वास्तविक मुद्दों—गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक समस्याओं—को हल करने में कितनी प्रभावी रही हैं, इसका निर्णय सही समय पर जनता खुद करेगी। उन्होंने सरकार की कथित उपलब्धियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी जनहित के इन मुद्दों पर लगातार आवाज उठा रही है।
मायावती ने राष्ट्रीय व जातीय जनगणना के लंबित मामले को भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल के रूप में उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय से यह मामला लटका हुआ था, लेकिन अब दबाव बढ़ने के बाद इसकी प्रक्रिया शुरू हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याण से सीधे जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए, ताकि इससे देश को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने केंद्र सरकार से इस पर विशेष ध्यान देने की मांग की।
बसपा प्रमुख ने बताया कि पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर छोटी-छोटी बैठकों के माध्यम से लगातार समीक्षा की जा रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों की राजनीतिक स्थिति का विश्लेषण हो रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत पूर्वांचल में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया है, साथ ही बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति को मजबूत किया जा रहा है ताकि पार्टी को बेहतर परिणाम मिल सके।
मायावती की यह टिप्पणियाँ ऐसे समय आई हैं जब बसपा अपने जनाधार को पुनः मज़बूत करने और विभिन्न राजनीतिक समीकरणों को लेकर सक्रिय रणनीति बना रही है। उनकी हालिया बैठकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए गए निर्देशों से स्पष्ट संकेत मिलता है कि बसपा आगामी चुनावों में अपने प्रभाव को पुनः स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ