विवादित प्लाट को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के पांच लोग घायल!

भूमि को लेकर उनके और गांव के ही दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से तनातनी चली आ रही थी। 
संवाददाता -योगेश कुमार 
मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के गांव खामपुर में शुक्रवार को विवादित प्लाट पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। हमले में एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। गांव में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया हैजानकारी के अनुसार खामपुर निवासी हरफूल और उनका परिवार लंबे समय से एक विवादित प्लाट पर अपना अधिकार जता रहा था। इसी भूमि को लेकर उनके और गांव के ही दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से तनातनी चली आ रही थी। शुक्रवार सुबह जब विपक्षी पक्ष ने प्लाट पर निर्माण कार्य शुरू किया, तो हरफूल के परिवार ने विरोध किया। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के करीब सात-आठ लोगों ने एकजुट होकर हमला बोल दिया।हमले में हरफूल, उनकी पत्नी सुशीला और तीन पुत्र रवि, सचिन और संदीप को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बुरी तरह घायल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद छपार थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।सूत्रों के मुताबिक झगड़े में विपक्षी पक्ष का एक युवक भी घायल हुआ है, हालांकि उसकी चोटें साधारण हैं। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में प्लाट को लेकर विवाद हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने हालात नियंत्रित कर लिए हैं और तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ