बी.पी. मंडल जयंती पर सामाजिक न्याय का संकल्प, आरक्षण बचाने की हुंकार।

मंडल साहब के योगदान को किया गया नमन, भाजपा सरकार पर आरक्षण विरोधी रवैये का आरोप।

पल्हना में दलित-पिछड़ों पर हमले की निंदा, सपा नेताओं ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय में सामाजिक न्याय के पुरोधा बी.पी. मंडल जी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने मंडल साहब के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पिछड़े वर्ग को 27% आरक्षण दिलाकर सामाजिक समता की नींव रखी। उन्होंने यह भी कहा कि स्व. मुलायम सिंह यादव ने 1989 में उत्तर प्रदेश में सबसे पहले आरक्षण लागू किया।
कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर आरक्षण को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि मोदी और योगी सरकारें सामाजिक न्याय के खिलाफ काम कर रही हैं। इसी क्रम में सपा विधायकों और कार्यकर्ताओं ने यूरिया खाद की कालाबाजारी, बाढ़ की समस्या और नहरों में पानी की कमी को लेकर महामहिम राज्यपाल को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
वहीं पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह उर्फ सोनू द्वारा दो युवकों को बंधक बनाकर मारपीट करने की घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया। सपा नेताओं ने इसे योगी सरकार में कानून व्यवस्था की विफलता बताया और एसएसपी आजमगढ़ से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की और संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, सुशील आनंद सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ