बाजार जाते वक्त सड़क हादसे में शिक्षक मनोज चौबे का निधन, गांव में पसरा मातम!
प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक की असमय मौत से शिक्षा जगत और गांव में शोक की लहर!
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत करउत ग्राम सभा के चौबेपुर निवासी शिक्षक मनोज चौबे का गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। लगभग 10:30 बजे जब वे बाइक से बाजार की ओर जा रहे थे, तभी पूर्व माध्यमिक विद्यालय जहानागंज के सामने पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज चौबे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हूखोर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मनोज चौबे, उम्र 42 वर्ष, प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर मटियवना में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और एक बेटे के पिता थे। उनके निधन की खबर से गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, विशेषकर उनकी पत्नी पूनम, माता-पिता और पांच बहनों का करुण क्रंदन देख हर आंख नम हो गई। शिक्षक समाज ने भी इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह हादसा न केवल एक परिवार की दुनिया उजाड़ गया, बल्कि पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो गया। स्थानीय लोग और शिक्षकों का कहना है कि मनोज चौबे एक सरल, कर्मठ और समाजप्रिय व्यक्ति थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ