पार्टी कार्यालय पर मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर मनाई गई जयंती, जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बताया—मुलायम सिंह यादव गरीबों, किसानों और मजलूमों के सच्चे नेता थे।
गोष्ठी में उनके मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री कार्यकाल की ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक न्याय के संघर्षों को याद किया गया।
आजमगढ़ : धरतीपुत्र, युगद्रष्टा, पद्मविभूषण से सम्मानित जननायक मुलायम सिंह यादव की 86वीं जयंती पार्टी कार्यालय पर उनकी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर दृढ़ संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव गरीबों, मजलूमों और किसानों के नेता थे, जिन्होंने आजीवन संघर्ष करते हुए तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री के रूप में ऐतिहासिक कार्य किए। रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने शहीद सैनिकों के शव को ससम्मान घर भेजने का निर्णय लेकर मिसाल पेश की।
मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने किसानों के हित में कई फैसले लिए—दुर्घटना बीमा योजना, दैवीय आपदा में मृतकों के परिजनों को अनुदान, कन्या विद्याधन, सिंचाई व्यवस्था और दवाइयों की मुफ्त व्यवस्था जैसी ऐतिहासिक योजनाएँ लागू कीं। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करते हुए पिछड़े व दलित वर्ग को सम्मानजनक भागीदारी दिलाने के लिए आरक्षण लागू किया। मंदिर-मस्जिद प्रकरण में भी उन्होंने संविधान की मर्यादा को सर्वोपरि रखते हुए कठोर निर्णय लेकर देश की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता हवलदार यादव ने की तथा संचालन हरिप्रसाद दुबे ने किया।
इस अवसर पर चंद्रदेव राम यादव करैली, विधायक एच. एन. सिंह पटेल, कमलाकांत राजभर, अखिलेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, विधायक नफीस अहमद, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुशील आनंद, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ