फरिहा गांव में सड़क हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत!
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिवार में मचा कोहराम!
संवाददाता-अबुल कैश निज़ामबाद
आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव में बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से 52 वर्षीय शीला देवी पत्नी स्वर्गीय पुरुषोत्तम यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शीला देवी अपने घर से गोबर लेकर खेत की ओर गई थीं। खेत फरिहा मुख्य सड़क के दूसरी ओर स्थित था। वह खेत से वापस गोबर के उपले लेकर घर लौट रही थीं, तभी एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन गलत दिशा से आते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे में शीला देवी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका दो बेटों और दो बेटियों की मां थीं। उनके पति पुरुषोत्तम यादव की मृत्यु 15 वर्ष पूर्व बीमारी से हो गई थी, जिसके बाद से शीला देवी ही गाय-भैंस और खेतीबाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। हादसे के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
0 टिप्पणियाँ