आजमगढ़ : साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को पुलिस ने दिलाए ₹48,955, त्वरित कार्रवाई से मिली राहत।


आजमगढ़। जनपद के थाना बरदह क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को पुलिस की तत्परता से बड़ी राहत मिली है। साइबर फ्रॉड के मामले में पीड़ित के खाते से निकाली गई रकम में से ₹48,955 पुलिस ने सकुशल वापस कराए हैं। जानकारी के अनुसार, ठेकमा निवासी अजय गुप्ता से 21 जुलाई 2025 को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कॉल कर बीमा कराने के नाम पर ₹76,405 की साइबर ठगी कर ली थी। इस संबंध में पीड़ित ने 31 जुलाई 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए थाना बरदह की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई की और ठगी गई रकम में से ₹48,955 अभियुक्त के बैंक खाते में होल्ड कराए। इसके बाद न्यायालय से प्राप्त फंड रिलीज आदेश के अनुपालन में संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर उक्त धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार सिंह, आरक्षी विवेक गिरी और महिला आरक्षी मनीषा यादव शामिल रहीं। जनपद पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों के मामलों में पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ