खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले आरोपी ने आभूषण व्यापारी के कर्मचारी से नकदी भरा बैग छीनकर फरार हो गया।
गोरखपुर। शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले घंटाघर क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर 9.50 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार पीपीगंज निवासी आभूषण व्यापारी बलिराम जायसवाल की घंटाघर इलाके में ‘आरसी आर्नामेंट’ नाम से दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे व्यापारी का कर्मचारी संजय पाल दुकान से 9 लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर गीता प्रेस रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने के लिए निकला था। संजय अभी मुंबई क्लॉथ हाउस के पास, कालीबाड़ी मंदिर के नजदीक ही पहुंचा था कि तभी पुलिस की वर्दी की पैंट और जैकेट पहने एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए संजय से बैग की जांच करने की बात कही और पुलिसिया रौब दिखाया। कर्मचारी कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपी ने नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके।
घटना की सूचना मिलते ही आभूषण व्यापारी और कर्मचारी ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने जानबूझकर पुलिस जैसी वर्दी पहन रखी थी, ताकि कोई शक न करे और आसानी से वारदात को अंजाम दिया जा सके। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ