दलित युवक के साथ अमानवीयता की हदें पार, दबंगों पर सिर मुंडवाने व अपमानित करने का आरोप।

दलित युवक के साथ अमानवीयता, दबंगों पर सिर मुंडवाने, मूंछ काटने और चेहरे पर कीचड़ पोतने का आरोप; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जिसने समाज की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र का है, जहां दबंगों पर एक दलित युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित दलित युवक पप्पू दिवाकर का आरोप है कि गांव गेला निवासी चंद्रसेन, उसके बेटे पप्पू और गोधनलाल ने उसके साथ बर्बरता की। आरोपों के मुताबिक दबंगों ने पहले उसके सिर और भौंहें मुंडवा दीं, फिर कैंची से उसकी मूंछ काट दी और इसके बाद चेहरे पर कीचड़ पोतकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर नवाबगंज थाना पुलिस ने तीन नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसमें से दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ