पंडित यज्ञनाथ मिश्र की 7वीं पुण्यतिथि श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई, 250 जरूरतमंदों को कंबल वितरण।

संवाददाता -अबुल कैश 
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद क्षेत्र के बड़ागांव स्थित एक मैरेज हाल में शिक्षाविद, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं प्रख्यात समाजसेवी पंडित यज्ञनाथ मिश्र की सातवीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी निजामाबाद मनोज यादव और अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख मुहम्मदपुर विजय विश्वकर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पुण्यतिथि के अवसर पर समाजसेवा के क्रम में 250 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि मनोज यादव ने कहा कि पंडित यज्ञनाथ मिश्र बचपन से ही प्रतिभावान व्यक्तित्व के धनी थे और ब्रिटिश शासनकाल में अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन किया तथा कई पुरस्कार प्राप्त किए। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा और वे आजमगढ़ के लालगंज, चंडेश्वर व निजामाबाद क्षेत्र में कई विद्यालयों की फाउंडर कमेटी से जुड़े रहे। वहीं ब्लॉक प्रमुख विजय विश्वकर्मा ने कहा कि पंडित यज्ञनाथ मिश्र पूरे क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय थे, उनके सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों को लोग सदैव याद रखेंगे। उन्होंने बताया कि वे करीब तीन दशक पूर्व तत्कालीन निजामाबाद विधायक चंद्रबली ब्रह्मचारी के प्रतिनिधि भी रहे और लोग उन्हें स्नेहपूर्वक “जग्गी बाबू” के नाम से जानते थे। कार्यक्रम का संचालन मनोज राय उर्फ रणविजय राय ने किया। इस अवसर पर बीडीओ रानी की सराय राज किशोर सिंह, भाजपा नेता शेर बहादुर सिंह, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनीष त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम के संयोजक क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेन्द्र नाथ मिश्र ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ