आजमगढ़ में सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का जनपदीय व मंडलीय चयन शुक्रवार से।

चयनित पहलवान 28 से 30 जनवरी तक मुरादाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
संवाददाता : राकेश गौतम 
आजमगढ़। राज्य स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर जिले के पहलवानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए पहलवानों का चयन शुक्रवार से शुरू होगा। जनपद स्तर पर चयन प्रक्रिया 23 जनवरी को तथा मंडल स्तर पर चयन 24 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। दोनों चयन प्रक्रियाएं शहर के प्रसिद्ध सुखदेव पहलवान स्टेडियम में सुबह 11 बजे से शुरू होंगी।
जनपदीय चयन में जिले भर से आने वाले सीनियर पुरुष पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यहां से चयनित पहलवान मंडलीय चयन में भाग लेंगे, जहां आजमगढ़ मंडल के विभिन्न जनपदों के कुश्ती खिलाड़ी एक-दूसरे से मुकाबला करेंगे। मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। मंडलीय चयन में सफल पहलवान 28 से 30 जनवरी तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय, मुरादाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से चुने गए श्रेष्ठ पहलवान भाग लेंगे, जिससे उच्च स्तरीय मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है।
खेल विभाग के अधिकारियों ने जिले के सभी योग्य पहलवानों से चयन प्रक्रिया में समय से पहुंचकर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि चयन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा और प्रदर्शन के आधार पर ही खिलाड़ियों का चयन होगा। इस आयोजन से जिले में कुश्ती खेल को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ