आजमगढ़ : प्रोफेसर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के नॉकआउट मैच सम्पन्न, गणतंत्र दिवस पर खेला जाएगा सेमीफाइनल।

डीएवी कॉलेज मैदान में प्रोफेसरों ने दिखाया क्रिकेट का जौहर।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। जनपद के डीएवी कॉलेज की मेज़बानी में आयोजित प्रोफेसर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर के मुकाबले सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गए। पहले नॉकआउट मैच में डीएवी कॉलेज की टीम ने गांधी पीजी कॉलेज कोयलसा को हराकर विजय अभियान की शुरुआत की। सीरीज़ का उद्घाटन अग्रसेन महिला पीजी कॉलेज की प्रो. अर्पिता मिश्रा ने किया। दूसरे मुकाबले में शिब्ली पीजी कॉलेज ने राजकीय कॉलेज की संयुक्त टीम को पराजित कर अगले राउंड में प्रवेश किया। वहीं, तीसरे मैच में मालतारी पीजी कॉलेज ने शिवा पीजी कॉलेज तेरही की टीम को हराया।
अगले मुकाबले में जीएसटी पीजी कॉलेज बरदह ने श्रीकृष्ण गीता पीजी कॉलेज लालगंज को शिकस्त दी। अंतिम नॉकआउट मैच महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की टीम और श्री दुर्गा जी पीजी कॉलेज चंडेश्वर के बीच खेला गया, जिसमें विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में स्थान सुनिश्चित किया। प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजकों के अनुसार, गणतंत्र दिवस समारोह के बाद एलिमिनेटर राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद सेमीफाइनल में चार टीमें आमने-सामने होंगी। 27 जनवरी को फाइनल मुकाबले के साथ प्रोफेसर प्रीमियर लीग का पहला विजेता घोषित किया जाएगा। मैचों में निष्पक्ष अंपायर की भूमिका पुलकित राय और अनूप यादव ने निभाई, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी राजू पाल ने संभाली। मैदान का निर्माण और व्यवस्थाएं चीफ भूपेंद्र वीर सिंह की देखरेख में मानकों के अनुसार की गईं। कार्यक्रम में प्रो. गीता सिंह, प्रो. शिल्पा त्रिपाठी, प्रो. अनिल श्रीवास्तव, प्रो. सौम्य सेनगुप्ता, प्रो. अरुण सिंह, डॉ. अमित सिंह, डॉ. शशांक पांडेय, डॉ. सुधांशु श्रीवास्तव, डॉ. अजय सोनकर, डॉ. संजय गोंड, डॉ. युगांत उपाध्याय, डॉ. दिनेश कुमार सिंह, सहायक कुलसचिव डॉ. महेश श्रीवास्तव, प्रो. जिम्मी, प्रो. संत कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ