अकराबाद थाना क्षेत्र से वायरल वीडियो में चेकिंग के दौरान पुलिस पर युवकों को फंसाने का आरोप लगा है।
वीडियो में कथित तौर पर पुलिसकर्मी तलाशी के दौरान चाकू रखकर बरामदगी दिखाते नजर आ रहे हैं।
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। अलीगढ़ जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस की चेकिंग प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कथित तौर पर दिखाया गया है कि चेकिंग के दौरान दो युवकों को पहले सामान्य बातचीत में उलझाया गया और फिर उन्हें अपराधी साबित करने की कोशिश की गई। मामला अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी तलाशी के दौरान अपनी जेब से एक चाकू निकालकर युवकों की जेब में रखते हैं और इसके बाद कैमरे के सामने बरामदगी दिखाकर दोनों को हिरासत में ले लेते हैं। वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यशैली को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या चेकिंग के नाम पर निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से नहीं की गई है। मामले के तूल पकड़ने के बाद अब सबकी नजरें पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस वायरल वीडियो को लेकर क्या जांच होती है और दोषियों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
0 टिप्पणियाँ