हादसे में कार सड़क से उतरकर पेड़ से टकराते हुए खेत में पलट गई। घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा।
बरवाला (हरियाणा)। रविवार देर रात बरवाला क्षेत्र के बनभौरी मार्ग पर गांव सरहेड़ा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली और ब्रेजा कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गांव संदलाना निवासी 35 वर्षीय सुरेश, 30 वर्षीय रेखा और सात वर्षीय अरमान के रूप में हुई है। कार को रामनिवास चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क से हटकर पेड़ से टकराने के बाद पास के गेहूं के खेत में पलट गया।
दुर्घटना में रामनिवास, विनोद, सोनिया, सुनीता, रानी और रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग बरवाला में एक सगाई समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ईंट भट्ठे से कच्ची ईंट लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अंधेरे में गलत दिशा से सड़क पर आ गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ