आजमगढ़ : 1 मार्च को हरिऔध कला केंद्र में डॉ. कन्हैया सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि, संगोष्ठी व राष्ट्रीय कवि सम्मेलन।

 सुबह संगोष्ठी में विचारों को नमन, माननीय जनों की रहेगी उपस्थिति।
 शाम को देश के चर्चित कवियों का राष्ट्रीय कवि सम्मेलन।
आजमगढ़। प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं विविध राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार स्वर्गीय डॉ. कन्हैया सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर 1 मार्च (रविवार) को हरिऔध कला केंद्र में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देश और प्रदेश के अनेक माननीय जन, साहित्यकार और बुद्धिजीवी उनकी स्मृतियों को नमन करेंगे।
डॉ. कन्हैया सिंह के पौत्र एवं इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सहायक आचार्य डॉ. विनम्रसेन सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के सुबह के सत्र में संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें डॉ. सिंह के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विमर्श होगा। इस सत्र में मंत्रीगण ए.के. शर्मा, दारा सिंह चौहान, अनिल राजभर, दानिश आज़ाद सहित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय समेत अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
डॉ. कन्हैया सिंह के भतीजे डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि संगोष्ठी की अध्यक्षता महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार करेंगे। संगोष्ठी में राष्ट्र और समाज के प्रति डॉ. सिंह के चिंतन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं शाम के सत्र में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें अमन अक्षर, अभय निर्भीक, मनु वैशाली, अभिसार गीता, संक्षेप अक्षत सहित कई राष्ट्रीय स्तर के कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। डॉ. कन्हैया सिंह के पुत्र चित्रसेन सिंह, पौत्र विनीत सिंह सोनू एवं समस्त परिजनों ने जनपदवासियों से इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ससम्मान उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ