वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर चुनाव जीतना चाहती है भाजपा : धर्मेंद्र यादव

 जनहित छोड़ पूंजीपतियों के लिए काम कर रही भाजपा सरकार।
SIR को लेकर सपा की बड़ी बैठक, भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप।
संवाददाता - राकेश गौतम 
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर समाजवादी पार्टी की एक अहम बैठक पीडीए भवन, मुख्य पार्टी कार्यालय अनवरगंज में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा शासन सत्ता का दुरुपयोग कर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करके बेईमानी से चुनाव जीतना चाहती है। उसका संविधान और लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। फर्जी मुकदमों, दमन और अत्याचार के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश की जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मुस्तैदी के चलते भाजपा का फॉर्म-7 अभियान विफल हुआ है और यह संघर्ष 2027 का चुनाव जीतने तक जारी रहेगा। सांसद धर्मेंद्र यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की दोनों सरकारें जनहित के मुद्दों को छोड़कर केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं। किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि निवेश के नाम पर सिर्फ घोषणाएं हो रही हैं। दस साल बीतने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस परिणाम नहीं दिख रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता योगी सरकार से उब चुकी है और अब बदलाव चाहती है। जनता खुशहाली और तरक्की के लिए अखिलेश यादव को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की। बैठक में एमएलसी व राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक आलमबदी आजमी सहित बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और SIR प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने का आह्वान किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ