प्रज्ञा राय को यूपी महिला शिक्षक संघ के आजमगढ़ मंडल की कमान।

मऊ–बलिया–आजमगढ़ की शिक्षिकाओं में खुशी, संगठन को मिलेगी नई मजबूती।
 एकता, समता और विकास के साथ शिक्षिकाओं की मुखर आवाज बनेगा संघ : प्रज्ञा राय
संवाददाता -धीरज वर्मा आजमगढ़ 
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ द्वारा आजमगढ़ मंडल अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी शिक्षिका प्रज्ञा राय को सौंपे जाने पर आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपद की महिला शिक्षिकाओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना मौर्या ने प्रज्ञा राय को प्राधिकार पत्र सौंपते हुए महिला शिक्षिकाओं के हित में मजबूती से कार्य करने और संगठन को और सशक्त बनाने का निर्देश दिया।
प्रज्ञा राय वर्तमान में कम्पोजिट विद्यालय भरौली कोकिलपार, आजमगढ़ में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। वे न सिर्फ शिक्षकों के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही हैं, बल्कि अपराजिता जैसे सामाजिक अभियानों के माध्यम से समाज सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मुसहर समुदाय के उत्थान और कोरोना काल में जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों से उन्होंने सामाजिक सरोकारों की मजबूत पहचान बनाई है। उनके इन प्रयासों के लिए उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। नवीन दायित्व ग्रहण करने के बाद प्रज्ञा राय ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक समाज का सजग प्रहरी होता है। आजमगढ़ मंडल की सभी महिला शिक्षिकाओं के अधिकारों, सम्मान और समस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन एकता, समता और विकास के सिद्धांतों पर चलते हुए महिला शिक्षिकाओं की सशक्त और मुखर आवाज बनेगा। उनकी नियुक्ति पर आजमगढ़ जिलाध्यक्ष जकिया परवीन, मऊ जिलाध्यक्ष साधना यादव, बलिया जिलाध्यक्ष किरण भारती सहित मंडल के विभिन्न पदाधिकारियों, शिक्षिकाओं और शिक्षक सदस्यों ने बधाइयां देते हुए संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ