आजमगढ़। डीएवी महाविद्यालय में बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा गठित सेल के सहयोग से एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रेम चंद्र यादव ने की। इस दौरान यातायात पुलिस, साइबर सेल और फायर विभाग की टीम ने एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और आग से बचाव विषयों पर पीपीटी और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।
साइबर सेल रानी की सराय से आए आरक्षी विजय कुमार यादव ने साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर जानकारी देते हुए मोबाइल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने छात्रों को ई-स्कैन बॉट रिमूवल एप डाउनलोड करने की सलाह दी, जिससे संदिग्ध एपीके फाइल्स को हटाकर मोबाइल को सुरक्षित बनाया जा सकता है। वहीं यातायात उपनिरीक्षक जयशंकर सिंह ने सड़क सुरक्षा के जरूरी नियमों पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षित वाहन संचालन की अपील की। महिला आरक्षियों ने मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।फायर विभाग की ओर से आरक्षी नीरज कुमार दुबे ने मैदान में गैस सिलिंडर और फायर एक्सटिंग्विशर के माध्यम से आग लगने की स्थिति में बचाव और आग बुझाने के तरीकों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया, जिसे छात्रों ने ध्यानपूर्वक देखा। कार्यक्रम में प्रो. सौम्य सेनगुप्ता, प्रो. राकेश यादव, प्रो. अरुण सिंह, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. अवनीश राय, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. अजय सोनकर, डॉ. अमित सिंह, डॉ. संजय गोंड़, डॉ. दुर्गेश सिंह, डॉ. कृष्णानंद पांडेय, सुधांशु श्रीवास्तव, डॉ. शैलेन्द्र भारती, डॉ. संतोष सिंह, डॉ. गौरव कुमार, शिशिर श्रीवास्तव सहित लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।
0 टिप्पणियाँ