घोसी लोकसभा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में शामिल होना उनका दायित्व है और इससे उन्हें कोई भी ताकत रोक नहीं सकती : अतुल राय पूर्व सांसद
आजमगढ़ /मऊ। मऊ जिले के घोसी से बहुजन समाज पार्टी के पूर्व सांसद अतुल राय सोमवार की देर रात एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शहर पहुंचे, जहां कचहरी गेट के पास पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उनके काफिले की सघन जांच की। अतुल राय के वाहन के साथ चल रही तीन अन्य गाड़ियों को भी पुलिस ने रोककर तलाशी ली। यह कार्रवाई शहर कोतवाल अनिल सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस बल ने करीब बीस मिनट तक वाहनों की बारीकी से जांच की। पुलिस द्वारा की गई इस चेकिंग के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने बताया कि पुलिस को मिले एक संभावित इनपुट के आधार पर यह चेकिंग कराई गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तलाशी के दौरान पूर्व सांसद की गरिमा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा गया तथा यह कार्रवाई पूरी तरह नियमित सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा थी।
इस घटनाक्रम के बाद पूर्व सांसद अतुल राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने लिखा कि सीआरपीसी की धारा 144 (बीएनएस-163) को ध्यान में रखते हुए वे चार वाहनों से भ्रमण कर रहे थे, इसके बावजूद प्रशासन द्वारा उनके काफिले की तलाशी ली गई। उन्होंने यह भी कहा कि घोसी लोकसभा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में शामिल होना उनका दायित्व है और इससे उन्हें कोई भी ताकत रोक नहीं सकती।
अतुल राय ने आगे कहा कि यदि प्रशासन को उनके वाहनों से किसी प्रकार की आपत्ति है, तो वे गाड़ी छोड़कर पैदल चलने और अकेले ही लोगों के बीच जाने को भी तैयार हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी जांच सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे किसी व्यक्ति विशेष से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
0 टिप्पणियाँ