आजमगढ़ : कोल्हुख़ोर में चकबंदी पर ग्राम चौपाल, अप्रैल से कब्ज़ा परिवर्तन का निर्णय।

1992 से लंबित प्रक्रिया को गति, किसानों के चकों में सुधार का भरोसा।
संवाददाता -राकेश गौतम आजमगढ़ 
आजमगढ़। जनपद की सदर तहसील अंतर्गत ग्राम कोल्हुख़ोर में चकबंदी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता चकबंदी अधिकारी विजय सिंह ने की। इसमें जहानागंज क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी और कृषक उपस्थित रहे। ग्राम चौपाल में बीते कई वर्षों से लंबित कब्ज़ा परिवर्तन के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों और किसानों की आपसी सहमति से यह तय किया गया कि आगामी अप्रैल माह से कब्ज़ा परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे लंबे समय से अटकी चकबंदी को अंतिम रूप दिया जा सके।
बैठक के दौरान किसानों के नवसृजित चकों की जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन चकों में असंतुलन या तकनीकी त्रुटियां हैं, उनमें अगले माह सुधार कराया जाएगा। साथ ही सभी चकों तक चकमार्ग की सुविधा सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी। जहां आवश्यक होगा, वहां ग्रामहित में आपसी सहमति से मुख्य मार्ग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी किसान को आवागमन में परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि ग्राम कोल्हुख़ोर में वर्ष 1992 से चकबंदी प्रक्रिया चल रही है, जो विभिन्न कारणों से अब तक पूरी नहीं हो सकी थी। प्रशासनिक पहल के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि इसी वर्ष नवसृजित चकों पर विधिवत कब्ज़ा दिलाकर चकबंदी प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाएगा।
ग्राम चौपाल शांतिपूर्ण और सहयोगात्मक माहौल में संपन्न हुई। किसानों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ