आजमगढ़ : लपसीपुर में ग्राम चौपाल आयोजित, चकबंदी व महिला काश्तकारों की समस्याओं का समाधान।

किसानों की सहमति से कब्जा परिवर्तन पर बनी सहमति।
वरासत प्रकरण का मौके पर निस्तारण, महिलाओं के अधिकारों पर विशेष जोर।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। जनपद के लपसीपुर गांव में आयुक्त चकबंदी के निर्देशन में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता चकबंदी अधिकारी जहानगंज विजय शंकर सिंह ने की। चौपाल में सहायक चकबंदी अधिकारी, चकबंदी लेखपाल, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
चौपाल के दौरान गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया के तहत कब्जा परिवर्तन से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों की सहमति से यह निर्णय लिया गया कि वर्तमान फसल सत्र में शेष बचे चकों पर विधिवत कब्जा दिलाया जाएगा, ताकि लंबे समय से लंबित मामलों का समाधान हो सके।
बैठक के दौरान वरासत से संबंधित एक प्रकरण का तत्काल निस्तारण किया गया। इसके साथ ही चकबंदी से जुड़े अन्य विवादों और शिकायतों पर भी विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्देश दिए गए, जिससे किसानों को शीघ्र राहत मिल सके। ग्राम चौपाल में लघु एवं सीमांत काश्तकारों की समस्याओं को प्राथमिकता दी गई। विशेष रूप से महिला काश्तकारों के अधिकारों को लेकर अधिकारियों ने उनके चकों की अलग से समीक्षा करने, खातों की सूची तैयार कर जांच कराने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चकबंदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, समानता और न्याय सर्वोपरि है।
चौपाल के समापन पर किसानों को जागरूकता और सहयोग का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह की बैठकों के नियमित आयोजन की मांग की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ