प्रेमिका की शादी तय होने से आहत प्रेमी ने उठाया खौफनाक कदम।
कमरे में अंदर से बंद था दरवाजा, फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य।
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना जानसठ क्षेत्र के गांव भलवा में गुरुवार को प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत देखने को मिला। प्रेमिका की शादी तय होने से आहत प्रेमी ने धारदार हथियार से प्रेमिका की हत्या कर दी और बाद में खुद भी गला रेतकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा एवं एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलन किया।
पुलिस के अनुसार गांव भलवा में आमने-सामने रहने वाले दलित समाज के दो परिवारों के बीच यह मामला सामने आया है। भूषण की 27 वर्षीय बेटी प्रगति उर्फ डोली पिछले चार वर्षों से गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी कर रही थी, जबकि सामने रहने वाला 31 वर्षीय रोहित पुत्र धारासिंह वर्तमान में रोडवेज बस में परिचालक के पद पर कार्यरत था। दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए सहमत नहीं थे।
इसी बीच प्रगति की शादी मेरठ के सरधना क्षेत्र में तय हो गई थी और 8 फरवरी को बरात आनी थी। शादी की तैयारियों के चलते प्रगति चार दिन पहले ही गुरुग्राम से अपने गांव लौट आई थी। प्रेमिका की शादी की खबर मिलने पर गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे रोहित उसके घर पहुंचा। उसने प्रगति के कमरे में अंदर से कुंडी लगाकर चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी चाकू से गला रेतकर आत्महत्या कर ली।
कमरे में पसरा खून, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ जानसठ रूपाली राय समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दृश्य बेहद भयावह था, चारों ओर खून फैला हुआ था। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभ में प्रेमी के परिजनों द्वारा ऑनर किलिंग का आरोप लगाया गया था, लेकिन पुलिस जांच में फिलहाल इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की गहन जांच जारी है।
0 टिप्पणियाँ