प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने कहा कि नव-संकल्प महासभा के माध्यम से पार्टी गांव-गांव तक पहुंचेगी और 2027 विधानसभा चुनाव में लोजपा (राम विलास) निर्णायक भूमिका निभाएगी।
संवाददाता - धीरज वर्मा चौक आजमगढ़
आज़मगढ़। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की कार्यकर्ता बैठक एवं नव-संकल्प महासभा / नव-संकल्प भीम समागम की समीक्षा व तैयारी को लेकर बुधवार को आर.एस. मैरेज हाल, आज़मगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मार्च 2026 से उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित नव-संकल्प महासभा को सफल बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान एडवोकेट ने कहा कि नव-संकल्प महासभा के माध्यम से लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) गांव-गांव तक पहुंचेगी और संगठन को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री भारत सरकार चिराग पासवान स्वयं इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि स्वर्गीय रामविलास पासवान के अधूरे सपनों को चिराग पासवान अवश्य पूरा करेंगे। राजीव पासवान ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने मंत्री कार्यकाल में दलित, पिछड़े और वंचित समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में संसद के सेंट्रल हॉल में चित्र स्थापित कराना, भारत रत्न दिलाने में भूमिका निभाना, बाबा साहेब के जन्मदिवस को राष्ट्रीय अवकाश घोषित कराना, नवबौद्धों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाना तथा मध्य प्रदेश के महू में राष्ट्रीय स्मारक बनवाना उनके उल्लेखनीय कार्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाने, रेलवे में हजारों कुलियों को स्थायी करने, दूरसंचार मंत्री रहते हुए घर-घर टेलीफोन पहुंचाने और कई वीर महापुरुषों के सम्मान में डाक टिकट जारी कराने जैसे कार्य भी रामविलास पासवान की उपलब्धियों में शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) उत्तर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी। बैठक के दौरान अन्य दलों के कई कार्यकर्ताओं ने लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की सदस्यता भी ग्रहण की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला कुमारी, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष प्रीति उपाध्याय, प्रदेश प्रधान महासचिव विकास पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष छोटे लाल पासवान, मंडल प्रभारी अमरेश पाठक, प्रदेश सचिव हैदर अब्बास, क्रमराज सरोज, डॉ. जितेन्द्र राय, हरिकेश पासवान, राकेश पासवान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष संतोष यादव ने किया।
0 टिप्पणियाँ