संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देश के प्रधानमंत्री के उस सपने को साकार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें मेरा देश, मेरा प्रदेश, मेरा जनपद स्वच्छता में अव्वल बने। इसी क्रम में जनपद आजमगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों द्वारा निरंतर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ग्राम पंचायत से लेकर पूरे देश को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाया जा सके। 5 फरवरी को ग्राम पंचायत निवी, विकासखंड पल्हनी, जनपद आजमगढ़ में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नालियों की सफाई, रास्तों की साफ-सफाई, झाड़ू लगाना तथा घास की कटाई जैसे कार्य किए गए। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई, ताकि बीमारियों से बचाव किया जा सके। सफाई कार्य के दौरान गुलाब चौरसिया ने कहा कि “आज अगर रास्ता कठिन है तो समझ लो मंज़िल खास है। हर ठोकर तुम्हें गिराने नहीं, बल्कि सीखने आई है। खुद पर यकीन रखो, जीत तुम्हारी होगी।”
उन्होंने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों से इसी तरह निरंतर स्वच्छता अभियान चलाते रहने का आह्वान किया। इस स्वच्छता अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, सरिता सहित अन्य ग्रामीण सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी अभियान की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ