आजमगढ़ : जीएसटी चोरी के बड़े रैकेट पर पुलिस का शिकंजा।

कन्धरापुर पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार।
फर्जी फर्म, कूटरचित इनवॉयस और ई-वे बिल से हो रही थी राजस्व चोरी।
संवाददाता -रमेशचंद यादव 
आजमगढ़। कर अपवंचन और संगठित आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कन्धरापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जीएसटी चोरी से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 18 फरवरी 2026 को की गई।
फर्जी फर्मों के नाम पर आयरन स्क्रैप का अवैध परिवहन
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2025 को राज्यकर सचल दल आजमगढ़ द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास दो वाहनों की जांच की गई थी। जांच में सामने आया कि “ओल्ड आयरन टीन टैपर स्क्रैप” का परिवहन फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों के नाम पर कूटरचित इनवॉयस व ई-वे बिल के जरिए किया जा रहा था। यह कृत्य जीएसटी अधिनियम-2017 के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दंडनीय अपराध है।
मामले में छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और बिहार की कई फर्मों की संलिप्तता भी पाई गई।
तकनीकी जांच से खुला नेटवर्क, अहम बरामदगी
विवेचना के दौरान सीडीआर विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विजय कुमार यादव (श्रावस्ती) और अविराज शर्मा (लखनऊ) की भूमिका सामने आई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अविराज ट्रेडिंग के नाम से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फर्म पंजीकृत कर जीएसटी चोरी की जा रही थी।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए हैं। अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में संगठित आर्थिक अपराधों और कर चोरी के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ