गम्भीरपुर थाना पुलिस की तत्परता से ₹9,999 की ठगी राशि खाते में लौटी।
1930 पर शिकायत दर्ज कराना बना मददगार, साइबर टीम की सराहनीय कार्रवाई।
आजमगढ़। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत देने के अभियान के तहत थाना गम्भीरपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। साइबर फ्रॉड का शिकार हुए एक युवक के खाते से ठगे गए ₹9,999 की पूरी धनराशि पुलिस ने वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार रानीपुर राजमो निवासी अनूप सेठ के एसबीआई बैंक खाते से गूगल पे के माध्यम से ₹9,999 की धोखाधड़ी की गई थी। ठगी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना गम्भीरपुर की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई जांच में फ्रॉड खाते की पहचान कर संबंधित खाते को तुरंत फ्रीज कराया गया। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करते हुए ठगी की गई पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
गम्भीरपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत 1930 पर सूचना दें या नजदीकी थाने से संपर्क करें, ताकि समय रहते धनराशि फ्रीज कराकर वापस कराई जा सके।
0 टिप्पणियाँ