एनसीसी कैडेट की शिकायत पर केस दर्ज, आरोपी फरार—10 हजार का इनाम घोषित।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद से जुड़ा मामला, महिलाओं की सुरक्षा पर बहस तेज।
गोरखपुर। गोरखपुर एक्सप्रेस में तैनात एक टीटीई पर एनसीसी कैडेट युवती ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार वह परीक्षा देने मऊ गई थी और लौटते समय अत्यधिक भीड़ के कारण टिकट नहीं ले सकी। वह एसी कोच में खड़ी थी, तभी आरोपी टीटीई ने सीट दिलाने के बहाने उसे एसी-वन के केबिन में ले जाकर दुष्कर्म किया।
युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। रेलवे प्रशासन भी मामले की जांच में जुटा है।
इस घटना ने खासतौर पर इसलिए तूल पकड़ लिया है क्योंकि यह मामला गोरखपुर से जुड़ा है, जो योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि जब प्रदेश के मुखिया के गृह जनपद से जुड़े इलाके में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य के अन्य हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था का क्या हाल होगा।
घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं लोग मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ