मेहनगर में 15 वर्षीय किशोरी ने कमरे में लगाई फांसी, महराजगंज में 23 वर्षीय युवक का शव पेड़ से झूलता मिला।
आजमगढ़। जनपद में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फंदे से लटके शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक घटना मेहनगर थाना क्षेत्र की है, जहां एक 15 वर्षीय किशोरी का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि दूसरी घटना महराजगंज थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां एक 23 वर्षीय युवक का शव गांव के सिवान में पेड़ से झूलता हुआ पाया गया। दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। मेहनगर थाना क्षेत्र के गुरैथा गांव में रहने वाली 15 वर्षीय अनुशिका पासवान कक्षा आठ की छात्रा थी। सोमवार रात भोजन के बाद वह अपने छोटे भाई के साथ कमरे में सोने चली गई थी। मंगलवार सुबह जब मां उसे जगाने पहुंचीं तो अंदर का दृश्य देख सन्न रह गईं। किशोरी गमछे के सहारे फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरी ओर, महराजगंज थाना क्षेत्र के चक शिव गुलाम बढ़ई का पूरा गांव में 23 वर्षीय राजू विश्वकर्मा का शव गांव के सिवान में शीशम के पेड़ से लटका मिला। राजू पेशे से फर्नीचर बनाने का काम करता था। मंगलवार सुबह जब वह घर में नहीं मिला तो परिजन खोजबीन करते हुए सिवान पहुंचे, जहां उसका शव पेड़ से झूलता मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर दोनों स्थानों पर पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
0 टिप्पणियाँ