आजमगढ़ : उच्च प्राथमिक विद्यालय जाफरपुर में स्थापना दिवस व वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन।

मुख्य अतिथि अमरनाथ राय ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, स्वच्छ परिसर, छात्र-छात्राओं की प्रतिभा और शिक्षकों के समर्पण की प्रशंसा की। 
संवाददाता -धीरज वर्मा चौक आजमगढ़ 
आजमगढ़। विकासखंड पलानी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जाफरपुर में बुधवार को विद्यालय का 77वां स्थापना दिवस, वार्षिकोत्सव एवं अभिभावक संगोष्ठी भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आयोजित की गई। विद्यालय की स्थापना 26 फरवरी 1953 को जनपद के प्रतिष्ठित दामोदर दास गुप्ता की स्मृति में उनके सुपुत्र श्री कृष्ण दास गुप्ता द्वारा की गई थी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डायट आजमगढ़ के प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक श्रद्धेय अमरनाथ राय रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्वोत्तर रेलवे के सेवानिवृत्त अधिकारी नागेंद्र प्रताप सिंह, वित्त एवं लेखा अधिकारी बेसिक शिक्षा विश्वनाथ राम तथा प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवनीत चौबे उपस्थित रहे। खंड शिक्षा अधिकारी पलानी दिनेश कुमार वर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित शिक्षा जगत के अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन-
मुख्य अतिथि के आगमन पर स्काउट कलर पार्टी व बैंड द्वारा भव्य स्वागत किया गया। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, रोल-प्ले तथा नारी शिक्षा व सामाजिक विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
अतिथियों ने सराहा शैक्षिक वातावरण-
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अमरनाथ राय ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, स्वच्छ परिसर, छात्र-छात्राओं की प्रतिभा और शिक्षकों के समर्पण की प्रशंसा की। अन्य अतिथियों ने भी विद्यालय प्रशासन एवं शैक्षणिक गतिविधियों को प्रेरणादायक बताया। अध्यक्षीय उद्बोधन पूर्व प्रधानाध्यापक बेचू राम यादव ने दिया।
कार्यक्रम का संचालन लीडर ट्रेनर (स्काउट) दिनेश सिंह ने किया तथा आभार ज्ञापन भी उन्हीं द्वारा किया गया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं को मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया कर्मियों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ