पूर्व मंत्री यशवंत सिंह बोले—गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सरकार बन रही सहारा।
संवाददाता - धीरज वर्मा
आजमगढ़। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह Yojana के अंतर्गत जनपद में विकास खंड जहानागंज ब्लॉक परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 8 विकास खंड—जहानागंज, अतरौलिया, कोयलसा, बिलरियागंज, महराजगंज, मेंहनगर, पल्हनी और सठियांव तथा 3 नगर पंचायतों से कुल 202 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 186 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री यशवंत सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख जहानागंज रमेश कन्नौजिआ , भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविन्द जायसवाल तथा जहानागंज मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि यशवंत सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से अब किसी भी गरीब परिवार की बेटी की शादी धन के अभाव में नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि सरकार इस योजना के अंतर्गत प्रति विवाह लगभग एक लाख रुपये खर्च करती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में उपहार स्वरूप दिए जाते हैं, जबकि लगभग 25 हजार रुपये के गृहस्थी के सामान जैसे साड़ी सेट, प्रेशर कुकर, स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दे, बेडशीट, चांदी की पायल और बिछिया आदि प्रदान किए जाते हैं। शेष राशि कार्यक्रम आयोजन पर व्यय की जाती है। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी सहित पंचायती राज विभाग, विकास खंड के अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0 टिप्पणियाँ