मकान निर्माण के दौरान 50 हजार रुपये मांगने और जातिसूचक गाली देने का आरोप।
पीड़िता ने सीओ सदर को दी तहरीर, एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की मांग।
संवाददाता - राकेश गौतम
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के गौरी गांव में एक दलित महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार गौरी गांव निवासी रीना पत्नी राजकुमार ने बताया कि वह काफी गरीब है और लंबे समय से टूटे-फूटे छप्पर में रहकर जीवन यापन कर रही थी। पीड़िता के मुताबिक उसके ससुर द्वारा करीब 50 वर्ष पहले बनाई गई बाउंड्री के अंदर वह कर्ज और स्वयं सहायता समूह से पैसा लेकर अपना छोटा मकान बनवा रही थी, ताकि परिवार के रहने की व्यवस्था हो सके।
पीड़िता का आरोप है कि 8 मार्च 2025 को लगभग तीन बजे गांव का ही सफदर पुत्र एकलाक अपने दो-तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि मकान निर्माण को लेकर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और 50 हजार रुपये की मांग करने लगा। पैसा देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
रीना के अनुसार आरोपी ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और सीने पर चढ़कर लात-घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट की। इस दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई, जिससे उसकी साड़ी फट गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया।
पीड़िता का कहना है कि मारपीट में उसके सिर व शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी क्षेत्र का दबंग व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका परिवार भयभीत है। महिला ने सीओ सदर से मांग की है कि थाना गम्भीरपुर पुलिस को निर्देशित कर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाए। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ