आजमगढ़ : फर्जी निवेश योजना के नाम पर 45 लाख रुपये की ठगी का आरोप, मामला दर्ज।

निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दवा व्यापारी से ठगे लाखों रुपये।

पत्नी, बेटों और साले सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच शुरू।

संवाददाता -अबुल कैश 

निज़ामबाद/आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में फर्जी निवेश योजना के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। फरिहा गांव निवासी नगीना मौर्य पुत्र स्वर्गीय फुन्नन मौर्य ने मनोज कुमार सिंह और उसके परिवार पर करीब 45 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। थानाध्यक्ष हिरेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़ित के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी मनोज कुमार सिंह दवा का कारोबार करता है। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ। मनोज ने नगीना मौर्य को बताया कि वह AIC ग्लोबल हेल्थ केयर और एयरजोन इंटरनेशनल नामक कंपनियां चलाता है, जिनमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलता है। उसके झांसे में आकर नगीना मौर्य ने अलग-अलग तिथियों में मनोज और उसकी पत्नी के खातों में लाखों रुपये जमा कर दिए। पीड़ित के अनुसार 27 अक्टूबर 2023 को उसने मनोज के खाते में 2 लाख रुपये ट्रांसफर किए, 17 नवंबर 2023 को 4 लाख 80 हजार रुपये नकद जमा किए और 18 दिसंबर 2023 को मनोज की पत्नी के खाते में 2 लाख 50 हजार रुपये नकद दिए। इसके अलावा भी कई बार अलग-अलग माध्यमों से पैसे दिए गए। आरोप है कि मनोज के बेटे आदर्श, आशु, आयुष और उसका साला बृजेश कुमार डेली और साप्ताहिक कलेक्शन के नाम पर लोगों से पैसा वसूलते थे।पीड़ित का आरोप है कि शुरुआती समय में कुछ निवेशकों को थोड़ा-बहुत पैसा लौटाया गया, लेकिन बाद में कंपनी का कारोबार बंद कर आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया और निवेशकों का पैसा हड़प लिया। जब वह अन्य लोगों के साथ पैसा मांगने उसके घर पहुंचा तो आरोपी की पत्नी ने अभद्र व्यवहार किया।नगीना मौर्य का यह भी आरोप है कि बाद में मनोज कुमार सिंह मिलने पर उल्टा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और झूठे एससी/एसटी व छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी। पीड़ित के अनुसार उसका करीब 45 लाख रुपये बकाया है। पुलिस ने इस मामले में मनोज कुमार सिंह, उसकी पत्नी ममता सिंह, बेटे आदर्श, आशु, आयुष और साले बृजेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ