वेदांता स्कूल ऑफ़ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में विशेषज्ञों ने नर्सिंग विद्यार्थियों व शिक्षकों को दिया उन्नत प्रशिक्षण।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आज़मगढ़। जनपद में वेदांता स्कूल ऑफ़ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस के तत्वावधान में तथा इरा नर्सिंग इंस्टिट्यूट के सहयोग से “उन्नत सिमुलेशन प्रशिक्षण के माध्यम से नर्सिंग शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव – मेड इन इंडिया पहल” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण प्रणाली के माध्यम से नर्सिंग विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक एवं उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करना था, ताकि उनके व्यावहारिक कौशल को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
कार्यशाला की आयोजन अध्यक्ष प्राचार्य डॉ . रीना पाण्डेय रहीं, जबकि कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में सनी माली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ताओं ने प्रतिभागियों को आधुनिक नर्सिंग शिक्षा में उपयोग की जा रही उन्नत सिमुलेशन तकनीकों, प्रशिक्षण उपकरणों और व्यावहारिक पद्धतियों की जानकारी दी।
दूसरे दिन डॉ . एन. नीतू देवी और कल्पना पुस्तेला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान प्रतिभागियों को उन्नत एंडोस्कोपी तकनीक, उन्नत कान जांच सिमुलेटर, उन्नत छाती ध्वनि परीक्षण सिमुलेटर, उन्नत आईयूसीडी प्रत्यारोपण, प्रसवोत्तर रक्तस्राव प्रबंधन, अस्थि मज्जा नमूना प्रक्रिया तथा कमर से तरल परीक्षण जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सीय प्रक्रियाओं का सिमुलेशन आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता में अनुपमा त्रिपाठी ने प्रथम, मोनी गुप्ता ने द्वितीय और रक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस राष्ट्रीय कार्यशाला को उत्तर प्रदेश नर्सिंग एंड मिद्विवेस कौंसिल द्वारा तीन क्रेडिट अंक प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
0 टिप्पणियाँ