....क्या अपने ही घर में फिसलेगी टीम इंडिया? सूर्यकुमार की कप्तानी पर सबसे बड़ा इम्तिहान?

IND vs ENG सेमीफाइनल में इंग्लैंड बनेगा भारत की राह का सबसे बड़ा रोड़ा।
बैटिंग की नाकामी और फिनिशिंग संकट ने बढ़ाई चिंता, जीत के लिए बदलनी होगी रणनीति।
नई दिल्ली। घरेलू हालात और फैंस का अपार समर्थन—सब कुछ टीम इंडिया के पक्ष में है, लेकिन इसके बावजूद भारत के सामने खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत की टक्कर मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड से होने जा रही है, और यही मुकाबला तय करेगा कि भारत खिताब की ओर बढ़ेगा या फिर इतिहास खुद को दोहराएगा।
कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर जरूर तय किया है, लेकिन बैटिंग यूनिट का प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा है। टॉप ऑर्डर का फ्लॉप होना, पावरप्ले में रन गति का धीमा रहना और मिडिल ओवर्स में लय का टूटना टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर उभरा है। खुद सूर्यकुमार यादव का स्ट्राइक रेट इस टूर्नामेंट में उम्मीदों से कम रहा है, जो विरोधी टीमों के लिए राहत की बात है। युवा बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा से जिन पारियों की उम्मीद थी, वे अब तक देखने को नहीं मिली हैं। हालांकि ईशान किसन और संजू सेमसन ने कुछ मुकाबलों में टीम को संभालने की कोशिश जरूर की है। दूसरी ओर, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिनिशिंग फॉर्म भी टीम प्रबंधन के लिए सिरदर्द बनी हुई है।
अब सवाल यही है कि सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में क्या टीम इंडिया अपनी कमजोरियों पर काबू पा पाएगी? इंग्लैंड जैसी आक्रामक और संतुलित टीम के खिलाफ जीत के लिए भारत को पावरप्ले में खुलकर रन बनाने, स्ट्राइक रोटेशन सुधारने और सामूहिक प्रदर्शन दिखाने की सख्त जरूरत होगी। 5 मार्च को होने वाला IND vs ENG सेमीफाइनल सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि यह तय करेगा कि 2026 का वर्ल्ड कप भारत के लिए यादगार बनेगा या फिर अपने ही घर में एक और अधूरा सपना बनकर रह जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ