आजमगढ़ : निजामाबाद में धूमधाम से निकली होली पर बुढ़वा की बारात।


बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने रंग-गुलाल के साथ निभाई परंपरा।
थाने पर हुआ स्वागत, नगर भ्रमण के बाद झिनकरिया मोहल्ले में समाप्त हुई बारात।
संवाददाता - अबुल कैश 
निजामाबाद,आजमगढ़। होली के पर्व पर निजामाबाद बाजार में निकाली जाने वाली बुढ़वा की बारात की परंपरा इस वर्ष भी पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ निभाई गई। बुधवार की शाम नगर में निकली इस बारात में बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए और एक-दूसरे को रंग व गुलाल लगाकर होली की खुशियां मनाईं। जुलूस में शामिल बच्चों ने रास्ते में आने-जाने वाले लोगों पर भी जमकर रंग उड़ाया, जिससे पूरा माहौल होली के रंग में सराबोर नजर आया।
बुढ़वा की बारात में दूल्हे के रूप में महेंद्र प्रजापति रथ पर सवार थे, जबकि गाजे-बाजे के साथ प्रकाश चौरसिया सबसे आगे चल रहे थे। बारात झिनकरिया मोहल्ला हुसेनाबाद से शुरू होकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव के आवास पर पहुंची, जहां बारातियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद जुलूस पूरे नगर का भ्रमण करते हुए परंपरा के अनुसार निजामाबाद थाने पहुंचा।
थाने पर थाना प्रभारी हिरेंद्र प्रताप सिंह ने बारातियों का स्वागत किया और सभी के लिए जलपान की व्यवस्था कराई। इसके बाद बारात रूपी जुलूस पुनः झिनकरिया मोहल्ले पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी मुस्तैद रही। जुलूस के साथ उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल, उपनिरीक्षक राजेश राय, उपनिरीक्षक मयंक उपाध्याय, हेड कांस्टेबल हौसला यादव, कांस्टेबल अजय जायसवाल सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बुढ़वा की बारात में नगर के सैकड़ों लोग शामिल होकर इस पारंपरिक आयोजन के साक्षी बने।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ