आजमगढ़ : पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा कर्मचारियों ने किया पौधारोपण।

भगत सिंह इंटर कॉलेज हाफिजपुर में अमरूद व आम के पौधे लगाकर जताया विरोध।
OPS लागू होने तक आंदोलन जारी रखने का कर्मचारियों ने लिया संकल्प।
आजमगढ़। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा (ऑल टीचर्स एंड एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन) के कर्मचारियों ने रविवार  को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम भगत सिंह इंटर कॉलेज हाफिजपुर के पास स्वर्गीय शिक्षक धर्मेंद्र यादव के घर के नजदीक संदीप यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने अमरूद और आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सरकार से पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग दोहराई।
अटेवा के जिला संगठन मंत्री मनोज मौर्य ने कहा कि जब तक सरकार पुरानी पेंशन योजना बहाल नहीं करती, तब तक कर्मचारी इसी तरह पौधारोपण और अन्य शांतिपूर्ण तरीकों से अपनी मांग उठाते रहेंगे। जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से लगातार OPS बहाली की मांग की जा रही है और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक कर्मचारियों को उनका अधिकार नहीं मिल जाता।
जिला महामंत्री ओंकारनाथ ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है, इसलिए इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। वहीं वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया ने कहा कि शिक्षक, डॉक्टर, सफाई कर्मचारी और यहां तक कि देश की सीमा पर तैनात जवान भी पुरानी पेंशन की मांग कर रहे हैं।
सुनील सिंह, संजय सोनकर और जनार्दन यादव ने भी कहा कि OPS लागू होने तक आंदोलन और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम जारी रहेंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सीपी यादव, जिला महामंत्री ओंकारनाथ, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, जिला संगठन मंत्री मनोज मौर्य, जोगिंदर यादव, जनार्दन यादव, सुनील सिंह, संजय सोनकर, डॉ. सुरेंद्र यादव, मुराली यादव, बृजेश चौहान सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ