गांवों से खत्म हो रही दंगल की परंपरा, सरकार पर उदासीनता का आरोप।
सपा सरकार के विकास कार्यों का किया जिक्र, 2027 में BJP को चुनौती का दावा।
संवाददाता- धीरज वर्मा
आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कुश्ती भारत का एक पारंपरिक खेल है, जिसे पहले गांव-गांव में बड़े उत्साह के साथ खेला और देखा जाता था। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लगभग हर गांव में पहलवान हुआ करते थे और दंगल प्रतियोगिताएं आयोजित होती थीं, लेकिन सरकारी उपेक्षा के कारण यह परंपरा धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास विकास को लेकर कोई स्पष्ट विजन नहीं है। शिवपाल यादव ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए थे। उस दौरान छात्रों को लैपटॉप वितरण, स्टेडियमों का निर्माण और सड़कों के व्यापक विकास जैसे कई कदम उठाए गए थे।
सपा नेताओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावे पूरी तरह सही साबित नहीं हो रहे हैं और समय-समय पर कई गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं।
इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस प्रक्रिया में पूरी मेहनत की है, ताकि किसी भी असली मतदाता का नाम सूची से न कटे और फर्जी वोट बनने से रोका जा सके। नेताओं ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर मैदान में उतरेगी और भारतीय जनता पार्टी को कड़ी टक्कर देगी। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई विधायक और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ