आजमगढ़ : देवापार में यूनियन बैंक में चोरी का प्रयास, खिड़की तोड़कर घुसे चोर।

सीसी कैमरे तोड़े, कैश काउंटर व लॉकर रूम का ताला काटने की कोशिश।
सूचना पर पहुंची पुलिस व एसओजी टीम जांच में जुटी, बड़ी घटना टली।
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के देवापार बाजार में स्थित यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया की शाखा में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोर खिड़की तोड़कर बैंक के अंदर घुस गए और नकदी तक पहुंचने के लिए काफी तोड़फोड़ की, लेकिन लॉकर रूम का ताला नहीं टूटने के कारण बड़ी घटना होने से बच गई। जानकारी के अनुसार देवापार बाजार, जो अंजान शहीद गांव के पास स्थित है, वहां किराए के मकान में यूनियन बैंक की शाखा संचालित होती है। शनिवार की रात चोरों ने मकान की खिड़की तोड़कर बैंक में प्रवेश किया। अंदर घुसने के बाद चोरों ने बैंक में लगे सीसी कैमरों को तोड़ दिया और कैश काउंटर पर रखी नकदी की तलाश की, लेकिन उन्हें कोई पैसा नहीं मिला। इसके बाद चोरों ने लॉकर रूम के ताले को रेती से काटने का प्रयास किया, मगर ताला नहीं टूट सका। इससे बैंक में बड़ी चोरी होने से बच गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों को होने पर उन्होंने बैंक के शाखा प्रबंधक रामप्रीत को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और पुलिस को लिखित सूचना दी। मौके पर पहुंची जीयनपुर पुलिस और एसओजी टीम ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ