बाइक सवार दंपती घायल, महिला की हालत गंभीर—हायर सेंटर रेफर।
आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बरडीहा मोड़ के पास रघुवंशी होटल के सामने एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद करीब तीन माह की मासूम बच्ची भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल छा गया। वहीं, हादसे में घायल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुरुष की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद यातायात नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ