इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग का जाल, आजमगढ़ पुलिस ने दो ठग दबोचे।

सस्ते सामान का लालच देकर QR कोड से वसूली, कई राज्यों से सामने आईं शिकायतें।
आज़ागढ़। जनपद में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में डिजिटल और बैंकिंग से जुड़ा सामान बरामद किया है।
जांच के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग पेज बनाकर लोगों को कम कीमत में आकर्षक सामान देने का लालच देते थे। ग्राहक जब इन पेजों से जुड़ते, तो उन्हें व्हाट्सप्प बिज़नेस के माध्यम से संपर्क कर क्यूआर कोड भेजा जाता था और एडवांस पेमेंट लिया जाता था। पेमेंट मिलने के बाद या तो सामान भेजा ही नहीं जाता था या फिर घटिया क्वालिटी का पार्सल भेजकर ग्राहक को ब्लॉक कर दिया जाता था। इस तरह आरोपियों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में कई लोगों को निशाना बनाया। मामले का खुलासा तब हुआ जब अहमदाबाद की एक युवती ने ऑनलाइन ठगी की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्रतिबिम्ब पोर्टल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से जुड़े 13 बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिन पर विभिन्न राज्यों से 27 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और डमी पार्सल सहित कई अहम सामान बरामद हुआ है।
इस पूरे ऑपरेशन को डॉ . अनिल कुमार के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिख रहे किसी भी अनजान ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी जांच जरूर करें और बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान न करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ