अफवाह फैलाने वालों को बख्शेंगे नहीं, गैस-तेल की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं: उपजिलाधिकारी।

ईरान-इजराइल तनाव के बीच गैस और पेट्रोल को लेकर फैली अफवाहें।
लंबी कतारों व कालाबाजारी की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
— रिपोर्ट: अबुल कैश फैजी
निजामाबाद/आजमगढ़। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले और मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव के बाद क्षेत्र में गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। इन अफवाहों के चलते कई गैस एजेंसियों और दुकानों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के कई लोगों का कहना है कि गैस की बुकिंग कराने में दिक्कत हो रही है और बुकिंग के बाद भी सिलेंडर मिलने में लगभग एक सप्ताह तक का समय लग रहा है। वहीं कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की भी शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक हजार रुपये का सिलेंडर कालाबाजारी में दो हजार रुपये तक में बेचा जा रहा है। अफवाहों और कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निजामाबाद के उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र में अफवाह फैलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने यह भी कहा कि गैस, पेट्रोल और डीजल की कालाबाजारी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसे रोकने के लिए उन्होंने रानी की सराय और मुहम्मदपुर क्षेत्र के सप्लाई इंस्पेक्टर और नायब तहसीलदार को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी में संलिप्त दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की गड़बड़ी या कालाबाजारी की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ