एसटीएफ व गम्भीरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मिनी कंटेनर से 354 किलो गांजा बरामद।

अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, गांजे की कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये।
प्लास्टिक की गुप्त कैविटी बनाकर ट्रक से की जा रही थी तस्करी।
संवाददाता - अबुल कैश 
आजमगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) लखनऊ टीम और गम्भीरपुर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान में मिनी कंटेनर ट्रक से लगभग 353.990 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक मिनी कंटेनर ट्रक आजमगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी तथा गम्भीरपुर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमौड़ा टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान मिनी कंटेनर ट्रक संख्या UP-79 AT-9418 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर बनाई गई प्लास्टिक की गुप्त कैविटी से 14 बोरियों में छिपाकर रखा गया 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद चालक राजीव कुमार यादव (38 वर्ष) निवासी ग्राम सुरैंदा फूलपुर थाना अजीतमल, जनपद औरैया को सुबह करीब 7:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रायपुर और आसपास के इलाकों से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस से बचने के लिए वह मिनी कंटेनर ट्रकों में गुप्त कैविटी बनाकर प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर ले जाता था, ताकि सामान्य चेकिंग में पकड़ा न जा सके।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 850 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मिनी कंटेनर ट्रक भी बरामद किया है। इस मामले में थाना गम्भीरपुर में मु0अ0सं0 71/2026 के तहत NDPS Act की धारा 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्कर का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ जौनपुर तथा औरैया में एनडीपीएस एक्ट, गैंगेस्टर एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में एसटीएफ लखनऊ टीम के साथ गम्भीरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सिन्धीलाल सोनकर, उपनिरीक्षक त्रिभुवन प्रसाद सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ