लंबी कतारों से बिगड़े हालात, कई जगह ईंधन खत्म।
एसडीएम ने किया निरीक्षण, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश।
निजामाबाद, आजमगढ़। निजामाबाद क्षेत्र में गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की मांग अचानक बढ़ गई, जिसके चलते विभिन्न फिलिंग पंपों पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं। ईंधन की कमी की अफवाहों के कारण लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल खरीदने लगे, जिससे हालात बिगड़ गए और कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन तक खत्म हो गया।
स्थिति को गंभीर होते देख उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने खुद क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। साथ ही तहसीलदार चमन सिंह राना और नायब तहसीलदार नीरज कुमार त्रिपाठी को भी पंपों की निगरानी और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि पेट्रोल-डीजल अनावश्यक रूप से गैलनों में न दिया जाए, क्योंकि इससे स्टॉक जमा कर कालाबाजारी की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईंधन केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को ही दिया जाए।
उपजिलाधिकारी ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
— रिपोर्ट: अबुल कैश फैजी
0 टिप्पणियाँ